
[Uttar Pradesh] गाजियाबाद में बुधवार को चैंबर में घुसकर वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त वह अपने चैंबर में खाना खा रहे थे। तभी दो हमलावर आए। उन्होंने वकील की कनपटी पर गोली मारी और फरार हो गए। वकील की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना का पता चलते ही बड़ी संख्या में वकील इकट्ठा हो गए हैं। पुलिस मौके पर जांच कर रही है। शुरुआती जांच में मृतक वकील के साले पर हत्या का शक जा रहा है। प्रदेश में वकीलों के प्रदर्शन के चलते आज तहसील में काफी पुलिस फोर्स तैनात थी। इसके बावजूद हमलावर हत्या करके फरार हो गए। इससे पुलिस सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वहीं, पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज में दो संदिग्ध युवक कैद हुए हैं। दोनों दोपहर करीब 1:38 बजे मुंह पर रुमाल बांधकर बाइक से तहसील में घुसे थे। पुलिस दोनों संदिग्ध युवकों की तलाश कर रही है। मामला सिहानी गेट थाना क्षेत्र की सदर तहसील का है।
तहसील परिसर में मची भगदड़। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे मनोज चौधरी (35) चैंबर नंबर-95 में खाना खा रहे थे। उनके साथ तीन अन्य लोग भी बैठे थे। तभी 2 अज्ञात युवक चैंबर में घुस आए। जब तक कोई कुछ समझ पाता, उन्होंने मनोज चौधरी की कनपटी पर गोली मारी और भाग गए।
वारदात के बाद चैंबर में बैठे लोग चीखते हुए बाहर की ओर भागे। वहीं, गोली की आवाज सुनकर भगदड़ मच गई। घटना का पता चलने पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर दिनेश कुमार पी, DCP निपुण अग्रवाल कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद वकील का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। चैंबर में मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।
हत्याकांड में दो वकीलों सहित 5 रिश्तेदारों पर FIR। DCP निपुण अग्रवाल ने बताया, अधिवक्ता मनोज चौधरी की पत्नी कविता चौधरी ने इस संबंध में 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें मृतक के जीजा अमित डागर, उसके भाई नितिन डागर, पिता मदन, अनुज और पालू को अभियुक्त बनाया गया है।
हत्याकांड की वजह पारिवारिक बताई गई है। अमित डागर जनवरी 2023 में अपनी मां पर गोली चलाने के आरोप में जेल भी जा चुका है। एक आरोपी अमित नोएडा में उसका भाई नितिन गाजियाबाद तहसील में प्रैक्टिस करता है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं।