
[HAPUR] बुलंदशहर से हापुड़ होते हुए नई दिल्ली की ओर जाने वाली शटल पैसेंजर ट्रेन को एक बार फिर जंक्शन पर करीब एक घंटा रोक दिया गया। काफी देर तक जब ट्रेन नहीं चली तो दैनिक यात्रियों के सब्र का बांध टूट गया।
यात्रियों ने स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। यात्रियों ने इसका ट्वीट कर रेलवे बोर्ड के अधिकारियों, रेल मंत्री, पीएमओ व अन्य अधिकारियों से शिकायत की है। रेलवे के स्टेशन मास्टर के रजिस्टर में अपनी शिकायत दर्ज कर आक्रोश व्यक्त किया है।
यात्रियों ने बताया कि आए दिन शटल को बीच रास्ते में रोककर स्पेशल और एक्सप्रेस ट्रेनों को निकाला जाता है। शटल से सफर करने वाले यात्री अपने काम पर देरी से पहुंचते हैं। कई बार रेलवे अधिकारियों से इस समस्या के समाधान की मांग की गई। उसके बाद भी समस्या का हल नहीं हो पा रहा है। जब रेलवे अधिकारियों से इस बात की जानकारी की जाती है तो वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाते।
शटल जंक्शन की सबसे महत्वपूर्ण पैसेंजर ट्रेनों में से एक है। यह ट्रेन बुलंदशहर से सुबह साढ़े पांच संचालित होती है। जो हापुड़ में सुबह सवा छह बजे तक आ जाती है। करीब दस मिनट का स्टापेज होने के कारण ट्रेन नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाती है। इस ट्रेन से हजारों की संख्या में नौकरी पेशा, व्यापारी और अन्य यात्री प्रतिदिन सफर करते हैं। आए दिन एक्सप्रेस और स्पेशल ट्रेनों को निकालने के चक्कर में इस ट्रेन को जहां-जहां खड़ा कर दिया जाता है।