
[Meerut] मेरठ के सरधना थाने में शनिवार देर शाम गैस का सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। हादसे में चार सिपाही झुलस गए। वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। थाने में खड़ी गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं। जिससे तेज धमाके के साथ टैंक फटने लगे। कस्बे में हड़कंप मच गया है।
सूचना मिलने के आधे घंटे बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि आग लगातार बढ़ती जा रही है। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी, जिसके बाद आग किचन में रखे सिलेंडर तक पहुंच गई, जिससे सिलेंडर फट गया और आग विकराल हो गई। थाने में रखा रिकॉर्ड भी जल गया है।
मौके पर फायर बिग्रेड की 10 गाड़ियां मौजूद हैं। जो लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही एसएसपी रोहित सिंह सजवाण सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। घायल हुए चारों सिपाहियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्विच बोर्ड में अचानक हुआ शॉर्ट सर्किटएसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि थाना सरधना में आग लग गई है। प्रत्यक्षदर्शी पुलिसकर्मी ने बताया है कि स्विच बोर्ड में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। वहीं पास में बरामदे में मेस है। वहां पर खाना बन रहा था। आग ने सिलेंडर की पाइप को पकड़ लिया। इसके बाद धमाका हो गया। पूरे थाना परिसर में आग लग गई।
वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने भाग कर जान बचाई। इसमें चार पुलिसकर्मी झुलस गए हैं। दो की हालत गंभीर है। उनके हाथ और चेहरे जल गए हैं। उनको प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज भेजा रहा है। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाडियां आ गई हैं। लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।