
[ख़ास रिपोर्ट] हापुड़ में राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलक्टर को सौंपा। चेतावनी दी गई कि अगर मांग पूरी नहीं की गई तो सड़कों पर आंदोलन किया जाएगा।
मंगलवार को रालोद के कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर पहुंचे। किसानों की समस्या को लेकर धरना दिया। ज्ञापन में बताया कि वर्तमान सत्र में गन्ना मिलों को चलते हुए चार माह हो गए हैं। किन्तु आज तक गन्ने के लाभकारी मूल्य की घोषणा नहीं हुई है। किसान एकलौता ऐसा उत्पादक है, जिसको अपने उत्पाद का मूल्य तय करने का भी अधिकार नहीं है। अपने खून पसीने से सींची हुई फसल को मिल मालिकों को देता जाता है, लेकिन उसको यही नहीं पता होता है कि उसकी फसल का कितना पैसा मिलेगा।
कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की ओर से सवा माह से किसान संदेश अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पूरे प्रदेश से 4 लाख से अधिक किसानों ने किसान संदेश अभियान के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर गन्ना मूल्य की घोषणा कराये जाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक गन्ना मूल्य की घोषणा नहीं की गयी है। कहा कि यदि जल्द किसान की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो राष्ट्रीय लोकदल के सभी मंडलों में सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विशाल धरना प्रदर्शन करेगा।
इस दौरान पूर्व विधायक गजराज सिंह, जिलाध्यक्ष रविंद्र प्रधान, सदस्यता अभियान प्रभारी हेमंत मिश्रा, शिवकुमार त्यागी, प्रोफेसर अब्बास अली, बिजेंद्र सिंह, मनोज तेवतिया, गुलवीर सिरोही, खालिद जीलानी, तरुण चौधरी, चमन सिंह, बिजेंद्र दीवान, महाराज सिंह और ओमवीर सिंह आदि मौजूद रहे।